Sunday, March 8, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्यातीरंदाजी प्रतियोगिता - पुरुषों में उत्तर प्रदेश और महिलाओं में पुलिस कंट्रोल...

तीरंदाजी प्रतियोगिता – पुरुषों में उत्तर प्रदेश और महिलाओं में पुलिस कंट्रोल बोर्ड को स्वर्ण


◆ पचास मीटर के मुकाबले में हरियाणा के सोनू व मणिपुर की रोजिना को स्वर्ण


◆ तीस मीटर की प्रतिस्पर्धा में मणिपुर के शिल्हेइबा व केरल की ऐश्वर्या ने स्वर्ण पर निशाना साधा


अयोध्या। भारतीय तीरंदाजी संघ और उत्तर प्रदेश तीरंदाजी संघ के संयुक्त तत्वावधान में 30 वीं राष्ट्रीय सीनियर तीरंदाजी प्रतियोगिता के तहत राजकीय इंटर कालेज के मैदान पर चल रही स्पर्धाओं में मंगलवार को चौथे दिन भारतीय धनुष से तीरंदाजी करने वाले धनुर्धरों के बीच कड़ा मुकाबला चला। दिन साफ होने से तीरंदाजों को अधिक कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ा। हवा ने भी उनका साथ दिया। इंडियन राउंड के मुकाबलों में विजेता प्रतिभागियों को पदक वितरण किया गया। 43 वीं सीनियर रिकर्व चैंपियनशिप तथा 19वीं सीनियर कंपाउंड राष्ट्रीय चैंपियनशिप का अंतिम मुकाबला बुधवार को अयोध्या में सरयू तट पर स्थित राम की पैड़ी में दोपहर डेढ़ बजे से होगा।

मंगलवार को विजेता तीरंदाजों को पदक वितरण भारतीय तीरंदाजी संघ के महासचिव प्रमोद कुमार चंद्रूलकर, उत्तर प्रदेश तीरंदाजी संघ के महासचिव अजय कुमार, भारतीय तीरंदाजी संघ के कोषाध्यक्ष राजेंद्र सिंह तोमर, सिक्किम के सचिव केपी गुरुंग, पंजाब के अध्यक्ष आरके बाली, भारतीय तीरंदाजी संघ के प्रतियोगिता निदेशक रुपेशकर, चंडीगढ़ एसोसिएशन के सचिव अंगुम असूरी, भारतीय ओलंपिक संघ की सदस्य डोला बनर्जी और बिहार तीरंदाजी संघ के सचिव मनोज कुमार के साथ ही अयोध्या के पुलिस क्षेत्राधिकारी मधुबन कुमार सिंह ने किया।



इंडियन राऊंड चैंपियनशिप के पचास मीटर के पुरुषों के मुकाबले में जहां हरियाणा के सोनू स्वर्ण पदक पर निशाना साधने में कामयाब रहे, वहीं उनके निकटम प्रतिद्वंदी छत्तीसगढ़ के विकास कुमार मात्र दो अंक से चूक गए। सोनू 336 और विकास ने 334 अंक अर्जित किए। विकास कुमार को रजत पदक मिला। 334 अंक ही अर्जित करने वाले उत्तर प्रदेश के शिवम विद्वान को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।



पुरुषों के ही तीस मीटर की स्पर्धा में मणिपुर के शिलहेइबा लाइतनथेम ने स्वर्ण पर निशाना साध लिया। उन्होंने केरला के विजिथ एम बी को चार अंकों से पीछे छोड़ा। विजिथ को रजत पदक मिला। केरला के ही दशरथ राजगोपाल को कांस्य पदक मिला। पुरुषों के एलीमिनेशन राउंड में हरियाणा के आशीष को स्वर्ण, उत्तर प्रदेश के उज्ज्वल मुद्गल को रजत और राजस्थान के विकास यादव को कांस्य पदक हासिल हुआ।

महिलाओं की 50 मीटर की स्पर्धा में मणिपुर की रोजिना सिंह ने 332 अंक लेकर मणिपुर की ही मलेश्वरी देवी को पांच अंकों से पछाड़ा। मलेश्वरी देवी को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। रोजिना को इस स्पर्धा में स्वर्ण पदक मिला। इस मुकाबले में आल इंडिया पुलिस कंट्रोल बोर्ड की टूटूमोनी बोरो कांस्य पदक पाने में सफल रहीं।



महिलाओं की 30 मीटर की स्पर्धा में केरल की ऐश्वर्या एवी स्वर्ण पदक पाने में सफल रहीं। उनकी निकटम प्रतिद्वंदी मणिपुर की मनविद्या देवी को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। मणिपुर की ही मलेश्वरी देवी को इस प्रतिस्पर्धा में कांस्य पदक मिला। महिलओं के एलिमिनेशन राउंड में रोजिना सिंह को सर्वाधिक अंक अर्जित कर पहली रैंक पर रहने के लिए स्वर्ण पदक दिया गया। जबकि मणिपुर की ही मलेश्वरी देवी को रजत और पंजाब की मनजोत कौर को कांस्य पदक हासिल हुआ।

मिक्स टीम मुकाबलों में पुलिस कंट्रोल बोर्ड के अरुण बोरो और टूटूमोनी बोरो को स्वर्ण, असम के मनरंजन बोरो और पल्लवी बोरो को रजत और पश्चिम बंगाल के धनंजय राय व सुजाता मंडी को कांस्य पदक मिला।

पुरुषों की टीम प्रतिस्पर्धा में उत्तर प्रदेश की टीम को स्वर्ण, हरियाणा को रजत और असम ने कांस्य पदक जीता। महिलाओं में पुलिस कंट्रोल बोर्ड को स्वर्ण, पंजाब को रजत और झारखंड को कांस्य पदक मिला। उत्तर प्रदेश की पुरुषों की टीम में शिवम विद्वान, उज्ज्वल मुद्गल, मनीष व अभय कुमार पटेल, हरियाणा की टीम में सोनू, आशीष, राहुल व साहिल शामिल तथा असम की टीम में मनरंजन बोरो, राजेश नरजारी, दिपुल बोरो व ज्वंगसरंग बासुमतारी शामिल थे। महिलाओं में आल इंडिया पुलिस कंट्रोल बोर्ड की टीम में टूटूमोनि बोरो, राजप्रिया देवी, अरुण देवी व स्वाति मौर्य, पंजाब की टीम में मनजोत कौर, दिशा रानी, भारती व लछमी देवी तथा झारखंड की टीम में आरती कुमारी, चंदमुनि कुंकल, हीरामुनि सिंकू व अंकु कुमारी शामिल थीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar

Recent Comments