अयोध्या। भाजपा कार्यालय सहादतगंज में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए आधी आबादी के साथ विश्वासघात का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण से जुड़े मुद्दे पर विपक्ष का रवैया पूरी तरह महिला विरोधी मानसिकता को दर्शाता है, जिससे देशभर की महिलाओं में आक्रोश व्याप्त है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि विपक्ष द्वारा धर्म आधारित आरक्षण की मांग पूर्णतया असंवैधानिक है और यह देश के संविधान की मूल भावना के विपरीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रियंका गांधी, डिंपल यादव सहित अन्य विपक्षी दलों की महिला सांसदों ने बिल के विरोध में मतदान कर यह साबित कर दिया कि वे केवल अपने परिवार तक ही महिलाओं के सशक्तिकरण को सीमित रखना चाहती हैं।
उन्होंने आगे कहा कि विपक्ष के इस रवैये का पूरे देश में विरोध हो रहा है। विभिन्न स्थानों पर महिलाएं धरना-प्रदर्शन कर अपना आक्रोश व्यक्त कर रही हैं और समय आने पर लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब भी देंगी। सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं के सम्मान और अधिकारों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा नारी सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रेस वार्ता में भाजपा पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।