जलालपुर अंबेडकर नगर। कटका थाना क्षेत्र के बदरुद्दीनपुर सुरजूपुर गांव में देर रात कुछ अराजक तत्वों ने गौतम बुद्ध और डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया। प्रतिमाओं पर पत्थर फेंके जाने की घटना से गांव में तनाव और आक्रोश फैल गया। सुबह होते ही घटना की जानकारी ग्रामीणों में फैल गई, जिसके बाद भारी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि अज्ञात व्यक्तियों ने अंधेरे का फायदा उठाकर प्रतिमाओं को क्षति पहुंचाने की कोशिश की, जिससे गांव का माहौल बिगड़ने की आशंका पैदा हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत कराते हुए दोनों प्रतिमाओं को पुनः स्थापित कराया। इसके बावजूद ग्रामीणों में नाराजगी बनी रही और उन्होंने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई।
समिति अध्यक्ष सुनील की तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना अध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी गई है। उन्होंने कहा कि “दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी हाल में माहौल बिगाड़ने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।” घटना के बाद गांव में पुलिस द्वारा एहतियातन गश्त बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति न उत्पन्न हो।