◆ पुलिस ने पहुंचकर प्रतिमा कराई दुरुस्त, आरोपियों की तलाश जारी
जलालपुर अंबेडकर नगर। कटका थाना क्षेत्र के करीमपुर कोरझा गांव में रविवार की रात अराजक तत्वों ने गांव के किनारे स्थापित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। सोमवार सुबह जब ग्रामीणों की नजर टूटी हुई प्रतिमा पर पड़ी तो क्षेत्र में आक्रोश की लहर दौड़ गई। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया और थाना अध्यक्ष प्रेमचंद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
थाना अध्यक्ष ने तत्परता दिखाते हुए क्षतिग्रस्त प्रतिमा को तत्काल दुरुस्त कराते हुए लोगों को शांत कराया। प्रतिमा की मरम्मत होते ही ग्रामीणों ने राहत की सांस ली, हालांकि घटना को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बरकरार रही। थाना अध्यक्ष प्रेमचंद ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। अराजक तत्वों की पहचान कर जल्द ही कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की सक्रियता से फिलहाल गांव का माहौल शांत है।