Sunday, October 18, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्यामंगलगीतों की गूंज के बीच 163 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ

मंगलगीतों की गूंज के बीच 163 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ


◆ पूरा बाजार ब्लॉक में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह, दो मुस्लिम जोड़ों का निकाह भी संपन्न


अयोध्या। कहीं वैदिक मंत्रों की गूंज, कहीं मंगलगीतों की मधुर धुन और कहीं अपनों के आशीर्वाद से नम होती आंखें। पूरा बाजार ब्लॉक मुख्यालय रविवार को उस भावुक पल का साक्षी बना, जब मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 163 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधकर जीवन की नई राह पर आगे बढ़े। समारोह में दो मुस्लिम जोड़ों का निकाह उनकी धार्मिक परंपराओं और रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया गया। एक ही आयोजन में अलग-अलग परंपराओं के बीच विवाह की खुशियों ने सामाजिक समरसता और आपसी सद्भाव का संदेश दिया।

नवविवाहित जोड़ों के चेहरों पर नए जीवन के सपने थे तो परिजनों की आंखों में खुशी और संतोष की चमक। विवाह की रस्मों के बीच जब वर-वधू ने एक-दूसरे का हाथ थामा, तो उनके साथ आए परिवारों ने भी इस नई शुरुआत को आशीर्वाद दिया। अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता और ब्लॉक प्रमुख संघ के जिलाध्यक्ष एवं भाजपा महानगर महामंत्री शिवेन्द्र सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने नवदंपतियों को शुभाशीष देते हुए उनके सुखमय दांपत्य जीवन की कामना की।


बेटियों के विवाह में आर्थिक चिंता कम करने की पहल


मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से सरकार जरूरतमंद परिवारों को बेटियों के विवाह में आर्थिक सहयोग उपलब्ध करा रही है। योजना के तहत प्रत्येक जोड़े के लिए एक लाख रुपये की सहायता का विवरण दिया गया। इसमें कन्या के बैंक खाते में सीधे 64 हजार रुपये, विवाह के उपरांत उपहार एवं सामग्री 21 हजार रुपये तथा विवाह आयोजन पर 15 हजार रुपये शामिल हैं। इस सहायता से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विवाह के खर्च में राहत मिलती है और बेटियों के नए जीवन की शुरुआत में सहयोग मिलता है।

विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना केवल विवाह संपन्न कराने का माध्यम नहीं, बल्कि जरूरतमंद परिवारों के सम्मान और बेटियों के बेहतर भविष्य से जुड़ी पहल है। आर्थिक कठिनाइयों के कारण किसी परिवार की खुशियां अधूरी न रहें, इसके लिए सरकार सहायता उपलब्ध करा रही है। उन्होंने नवदंपतियों से आपसी प्रेम, विश्वास और सम्मान के साथ गृहस्थ जीवन को आगे बढ़ाने की अपील की। शिवेन्द्र सिंह ने कहा कि सामूहिक विवाह योजना जरूरतमंद परिवारों को संबल देने के साथ सामाजिक समरसता को मजबूत करती है। उन्होंने सभी नवविवाहित जोड़ों को सुख, शांति और समृद्धि से परिपूर्ण जीवन की शुभकामनाएं दीं।

मौके पर क्षेत्रीय कार्यसमिति सदस्य अच्छेलाल निषाद, नंद कुमार सिंह, रामजीत निषाद, अनूप वर्मा, मीडिया प्रभारी अमित कुमार मिश्र, राजेश पाण्डेय, शोभा राम वर्मा, सुरेश तिवारी, अजय सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी प्रज्ञा पाण्डेय, बीडीओ पूरा बाजार अनुराग सिंह, क्षेत्रीय जिला पंचायत सदस्य, प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य व बडी संख्या में नवविवाहित जोड़ों के परिजन मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments