◆ मेडिकल कॉलेज में 50, जिला अस्पताल में 20 और सीएचसी पर पांच–पांच बेड की व्यवस्था; फीवर हेल्प डेस्क भी सक्रिय
अयोध्या । स्वाइन फ्लू की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जिले में सतर्कता बढ़ा दी है। डिप्टी सीएम की बैठक में मिले निर्देशों के बाद अस्पतालों में मरीजों के उपचार और निगरानी के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज में 50, जिला अस्पताल में 20 और सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर पांच–पांच बेड आरक्षित किए गए हैं। इसके अलावा सभी अस्पतालों में फीवर हेल्प डेस्क स्थापित कर दी गई है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेंद्र कुमार भिटौरिया ने बताया कि स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट है। अस्पतालों में आवश्यक दवाओं के साथ वैक्सीन भी उपलब्ध है। बीमारी के लक्षणों और बचाव के उपायों को लेकर लोगों को जागरूक करने के लिए प्रचार-प्रसार कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि स्वाइन फ्लू में सामान्य तौर पर सिरदर्द, बुखार, सर्दी–जुकाम, खांसी और गले में खराश जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। ऐसे लक्षण नजर आने पर इसे सामान्य वायरल समझकर लापरवाही नहीं करनी चाहिए। लोगों को चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी गई है। साथ ही भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचने और संक्रमण से बचाव के लिए जरूरी सावधानी बरतने को कहा गया है।
फिलहाल कोई संदिग्ध मरीज नहीं
सीएमओ ने बताया कि फिलहाल जिले में स्वाइन फ्लू का कोई संदिग्ध मरीज सामने नहीं आया है। इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग एहतियात के तौर पर सभी जरूरी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित कर रहा है, ताकि किसी भी स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
उन्होंने बताया कि स्वाइन फ्लू की जांच की सुविधा राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज में उपलब्ध है। किसी मरीज में बीमारी के संदिग्ध लक्षण मिलने पर तत्काल जांच कराई जाएगी और रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की टीमें स्थिति पर लगातार नजर रख रही हैं।