अम्बेडकर नगर। जहाँगीरगंज थाना क्षेत्र के मगनपुर महिमापुर गांव में जमीन को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। एक पक्ष ने बैनामा शुदा भूमि से जबरन बाँस कटवाने और विरोध करने पर धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मगनपुर महिमापुर निवासी रेनू दूबे पत्नी अवधेश नारायण दूबे ने थाना जहाँगीरगंज में दी गई तहरीर में बताया कि गाटा संख्या 347 व 470 में स्थित करीब 0.073 हेक्टेयर भूमि उनकी माता उर्मिला देवी के नाम बैनामा शुदा है। आरोप है कि उक्त भूमि पर लगे बाँस, आम और आंवला के पेड़ों में से 22 मई को कुछ लोगों द्वारा बाँस कटवा दिए गए।
पीड़िता के अनुसार, जब उनकी माता ने इसका विरोध किया तो मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। मामले में किरन देवी समेत अन्य लोगों पर आरोप लगाया गया है। पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त हुई है और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।