जलालपुर अंबेडकरनगर। जलालपुर कोतवाली क्षेत्र में पारिवारिक विवाद, कथित प्रेम संबंध और धमकी का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि उसका दूर का रिश्तेदार अभिषेक उर्फ बंटी, निवासी ग्राम सेहरी सैदापुर थाना सम्मनपुर थाना, उसके घर आता-जाता था। इसी दौरान उसकी पत्नी से निकटता बढ़ गई। आरोप है कि दोनों के बीच मोबाइल फोन पर लगातार बातचीत होती रही और मिलना-जुलना भी बढ़ गया।
प्रार्थी के अनुसार उसकी पत्नी ने बिना जानकारी दिए करीब 73,500 रुपये ऑनलाइन तथा लगभग ढाई लाख रुपये नगद आरोपित को दे दिए। मामले की जानकारी उसे बच्चों से मिली। इसके बाद उसने तीन फरवरी को पत्नी को उसके मायके मालीपुर क्षेत्र में छोड़ दिया तथा उसका मोबाइल नंबर बंद करा दिया।
आरोप है कि 10 फरवरी को आरोपित लाठी-डंडा लेकर उसके घर पहुंचा और घर में घुसकर तोड़फोड़ की। पत्नी के बारे में पूछते हुए गाली-गलौज की तथा विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। यह भी आरोप है कि आरोपित ने चार पहिया वाहन से दुर्घटना कराकर हत्या कराने और निजी संबंधों को सार्वजनिक करने की धमकी दी।
पीड़ित ने बताया कि घटना के बाद उसकी पत्नी मानसिक तनाव में है। उसने थाने पहुंचकर सुरक्षा और विधिक कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में जलालपुर कोतवाली के कोतवाल अजय प्रताप सिंह यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।