Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर 20 साल पुराने खड़ंजा मार्ग को उखाड़कर पोर्च बनाने का आरोप, जांच...

20 साल पुराने खड़ंजा मार्ग को उखाड़कर पोर्च बनाने का आरोप, जांच में पुष्टि के बाद भी कार्रवाई नहीं

0
ayodhya samachar

आलापुर, अम्बेडकर नगर । जहांगीरगंज विकासखंड की ग्राम पंचायत शंकरपुर वर्जी में करीब 20 वर्ष पुराने खड़ंजा मार्ग को उखाड़कर पोर्च निर्माण किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जांच में खड़ंजा उखाड़े जाने की पुष्टि होने के बावजूद अब तक आरोपितों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

गांव निवासी शशिकांत मिश्र ने तहसील दिवस सहित अन्य उच्चाधिकारियों से शिकायत कर आरोप लगाया था कि गांव के पूर्व प्रधान राजेंद्र प्रसाद व अन्य लोगों ने सार्वजनिक खड़ंजा मार्ग उखाड़कर अपने पोर्च का निर्माण करा लिया, जिससे ग्रामीणों के आवागमन में परेशानी हो रही है।

शिकायत के बाद मामले की जांच सहायक विकास अधिकारी एवं ग्राम पंचायत अधिकारी ने की। जांच रिपोर्ट में ग्राम पंचायत अधिकारी ने स्पष्ट रूप से खड़ंजा उखाड़े जाने का उल्लेख किया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के लगभग 15 दिन बीत जाने के बाद भी न तो एफआईआर दर्ज हुई और न ही मार्ग को पूर्व स्थिति में बहाल करने की दिशा में कोई कार्रवाई की गई।

इससे नाराज शिकायतकर्ता ने मुख्यमंत्री समेत अन्य उच्चाधिकारियों को दोबारा प्रार्थना पत्र भेजकर दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने तथा सार्वजनिक खड़ंजा मार्ग का पुनर्निर्माण कराने की मांग की है, ताकि ग्रामीणों का आवागमन पहले की तरह सुचारु हो सके।

मामले में ग्राम पंचायत अधिकारी से पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ।

खंड विकास अधिकारी, जहांगीरगंज ने कहा, सुबह से चार-पांच लोग इस मामले में बयान ले चुके हैं। कितने लोग और बयान लेंगे? आपको जानकारी कहां से मिली? सचिव से बात कर लीजिए।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version