अंबेडकर नगर। कोतवाली अकबरपुर पुलिस ने हत्या के प्रयास के मुकदमे में वांछित तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की सरिया भी बरामद की गई है। डायल 112 में तैनात आरक्षी विक्रांत राजभर पर जान से मारने की नीयत से लोहे की सरिया से सिर पर प्रहार किया गया था। हमले में वह बेहोश हो गए थे। मामले में तहरीर के आधार पर कोतवाली अकबरपुर में मुकदमा दर्ज की गई थी।
पुलिस ने तीनों नामजद आरोपितों को पटेल नगर से गिरफ्तार कर लिया। इनमें काशीराम आवास निवासी आयुष पांडेय, गाजीपुर के मूल निवासी एवं वर्तमान में काशीराम आवास में रह रहे अभय प्रजापति तथा रगड़गंज विजयगांव निवासी शिवा भारती शामिल हैं। पुलिस ने आयुष पांडेय की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की सरिया बरामद की।
पुलिस के मुताबिक, अभय प्रजापति के विरुद्ध अकबरपुर कोतवाली में पहले से तीन मुकदमे दर्ज हैं, जबकि शिवा भारती के विरुद्ध एक मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक इसहाक खान, शिवम सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।