अयोध्या। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन ने जिले में अपना नया कार्यालय खोला। प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली साहब ने इसका उद्घाटन किया। इस दौरान पार्टी के जिला अध्यक्ष शुऐब वारसी राजू और सेंट्रल संयुक्त सचिव रेहान सिद्दीकी और कार्यकर्ताओं ने माला पहनकर उनका स्वागत किया। स्वागत के बाद मीडिया से बात करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने पश्चिम बंगाल में बाबरी मस्जिद की ईट रखे जाने को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि अगर कोई बाबरी मस्जिद और औरंगजेब मस्जिद बना रहा है, तो इसमें किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए। सुप्रीम कोर्ट ने यह नहीं कहा कि बाबर के नाम से कोई मस्जिद ना बने। शौकत अली ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा एक मुस्लिम महिला का हिजाब हटाने और यूपी में मंत्री संजय निषाद के बयान की निंदा की। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार दिमाग से पैदल हैं और उनका मेंटल लेवल गड़बड़ है। संजय निषाद के बयान को निंदनीय बताते हुए कहा कि यह लोग बदतमीज किस्म के हैं और सत्ता में चूर हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी सामाजिक न्याय, समान अधिकार और संविधान की मूल भावना के तहत जनता की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी। उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।