Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या सैनिकों को राखी बांधने के बाद वृक्षों को भी पहनाई राखी, संरक्षण...

सैनिकों को राखी बांधने के बाद वृक्षों को भी पहनाई राखी, संरक्षण की ली शपथ

0

अयोध्या। रक्षाबंधन पर्व पर सेठ एम.आर. जयपुरिया स्कूल के बच्चों ने राखी के रिश्ते को राष्ट्रप्रेम और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए अनूठी पहल की। बच्चों ने पहले डोगरा रेजीमेंट सेंटर पहुंचकर देश की रक्षा में तैनात सैनिकों को राखी बांधी और उनके प्रति सम्मान व कृतज्ञता व्यक्त की। इसके बाद कम्पनी गार्डन में वृक्षों को राखी बांधकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया।

सैनिकों को राखी बांधते हुए बच्चों ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले जवानों का योगदान अतुलनीय है। सैनिकों ने भी बच्चों को स्नेह और आशीर्वाद दिया। इस मुलाकात से बच्चों में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना और मजबूत हुई।

इसके बाद बच्चों ने कम्पनी गार्डन में वृक्षाबंधन मनाया। बच्चों ने वृक्षों को अपना संरक्षक मानते हुए राखी पहनाई और पेड़-पौधों की रक्षा करने की शपथ ली। उन्होंने कहा कि वृक्ष जीवन के आधार हैं। वे प्राणवायु, छाया देने के साथ पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में वृक्षों की रक्षा करना प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है।

बच्चों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं पेड़-पौधों की देखभाल करेंगे और अपने आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए लोगों को प्रेरित करेंगे। रक्षाबंधन के अवसर पर बच्चों की इस पहल ने पर्व के भाव को एक व्यापक सामाजिक संदेश से जोड़ दिया। एक ओर उन्होंने सैनिकों के प्रति सम्मान जताया तो दूसरी ओर वृक्षों को राखी बांधकर प्रकृति की रक्षा का संदेश दिया।

विद्यालय की ओर से प्रशासनिक अधिकारी सतीश कुमार गुप्ता, एक्टिविटी कोऑर्डिनेटर अरुश्री गौर और आर्ट अध्यापिका श्रेया मौर्या सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य सदस्य मौजूद रहे। इस अवसर पर योगिता श्रीवास्तव, राधा चौरसिया, मीनाक्षी राय, अंजू सिंह, दिनेश यादव, पंकज गुप्ता और सर्वजीत उपाध्याय सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version