Tuesday, August 11, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगर20 घंटे बाद परिजनों ने किया ध्रुव का अंतिम संस्कार, एएसपी के...

20 घंटे बाद परिजनों ने किया ध्रुव का अंतिम संस्कार, एएसपी के आश्वासन पर माने


जलालपुर, अंबेडकर नगर। कोतवाली जलालपुर क्षेत्र के नगपुर में युवक ध्रुव गुप्ता की हत्या के मामले में करीब 20 घंटे तक शव का अंतिम संस्कार नहीं हो सका। आरोपियों की गिरफ्तारी समेत विभिन्न मांगों को लेकर परिजन व ग्रामीण शव को घर के सामने रखकर कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। मंगलवार दोपहर अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) डॉ. तेजवीर सिंह के पहुंचकर परिजनों को कार्रवाई का भरोसा दिलाने के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए।
विदित हो कि रविवार देर रात नगपुर में तीन नामजद व एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा ध्रुव गुप्ता के साथ मारपीट की गई थी। गंभीर रूप से घायल ध्रुव की मौत हो गई थी। घटना के बाद पुलिस द्वारा शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। सोमवार शाम करीब पांच बजे पोस्टमार्टम के बाद शव नगपुर पहुंचा तो आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज परिजनों व ग्रामीणों ने शव को नगपुर खास तिराहे पर रखकर सड़क जाम कर दी।
इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच काफी देर तक कहासुनी होती रही। बाद में पुलिस ने किसी तरह जाम समाप्त कराया। इसके बाद परिजनों ने शव को अपने घर के सामने रख दिया और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सहित अन्य मांगों को लेकर अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया।
मंगलवार दोपहर करीब एक बजे अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. तेजवीर सिंह मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत की। उन्होंने परिजनों की मांगों को स्वीकार करते हुए मामले में प्रभावी कार्रवाई का भरोसा दिलाया। एएसपी ने आश्वासन दिया कि घटना में शामिल सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा तथा पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
पुलिस के आश्वासन के बाद परिजन मान गए और शव को अंतिम संस्कार के लिए निकटवर्ती घाट ले गए। इस दौरान उप जिलाधिकारी मधुमिता सिंह, क्षेत्राधिकारी जलालपुर अनूप कुमार सिंह, कोतवाल अजय प्रताप यादव, जैतपुर थानाध्यक्ष प्रेमचंद सहित पुलिस व प्रशासन के तमाम अधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments