जलालपुर अम्बेडकर नगर। आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर जलालपुर तहसील के सभागार में गुरुवार को एक अहम प्रशासनिक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी सदानंद गुप्ता ने की, जिसमें पुलिस, राजस्व, पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों के साथ कांवड़ संघ के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान यात्रा मार्गों की साफ-सफाई, सड़क मरम्मत, जल और विद्युत आपूर्ति जैसी कई आवश्यक व्यवस्थाओं पर गंभीर चर्चा की गई। नगरवासी कृष्ण गोपाल कसौधन ने नगर की बदहाल सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाए और उसमें सुधार की मांग की। वहीं नगपुर के राजकपूर ने नगपुर पुल मार्ग की जर्जर स्थिति और प्रकाश व्यवस्था की कमी का मुद्दा उठाया। मालीपुर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ने मालीपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ के चलते दुर्घटना की आशंका जताई और वहां उपयुक्त व्यवस्था की मांग की।
लोगों ने नगपुर से जीजीआईसी तक की खराब सड़क, मछली मंडी के अवशेष को तमसा नदी में फेंकने, जल संकट, बिजली के पोलों पर प्लास्टिक चढ़ाने और खुले ट्रांसफार्मरों पर जाली लगाने जैसी समस्याएं भी रखीं। झारखंड बाबा रोड की बदहाल स्थिति का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।
अपर जिलाधिकारी सदानंद गुप्ता ने पीडब्ल्यूडी विभाग को निर्देशित किया कि कोई भी कांवड़ यात्रा मार्ग क्षतिग्रस्त न रहे और सभी चिन्हित मार्गों की मरम्मत शीघ्र कराई जाए। अपर पुलिस अधीक्षक श्याम देव ने चारों थाना अध्यक्षों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्वक और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जाए।
बैठक में उप जिलाधिकारी राहुल गुप्ता, क्षेत्राधिकारी अनूप कुमार सिंह, तहसीलदार गरिमा भार्गव, अंजली भारती, अधीक्षक जयप्रकाश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं भाजपा नगर अध्यक्ष संदीप अग्रहरि, शत्रुघ्न सोनी, अरुण कुमार सिंह, संजीव मिश्रा, देवेश मिश्रा, कोतवाल संतोष कुमार सिंह, जैतपुर थानाध्यक्ष वंदना अग्रहरि, कटका थानाध्यक्ष प्रेमचंद और मालीपुर थानाध्यक्ष स्वतंत्र कुमार मौर्य भी मौजूद रहे।