अंबेडकर नगर। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया की अध्यक्षता में केंद्र व्यवस्थापकों, सह-केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों तथा संबंधित अधिकारियों की बैठक एवं प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की शुचिता और गोपनीयता बनाए रखना सभी अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि शासन और परीक्षा नियामक प्राधिकारी द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता मिलने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि जिले के 12 परीक्षा केंद्रों पर 2 और 3 जुलाई को दो-दो पालियों तथा 4 जुलाई को एक पाली में कुल पांच पालियों में परीक्षा आयोजित होगी। परीक्षा में 5,160 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसके लिए केंद्र व्यवस्थापकों, सह-केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती के साथ पर्याप्त संख्या में आंतरिक निरीक्षकों की भी ड्यूटी लगाई गई है।
उन्होंने बताया कि प्रथम पाली के अभ्यर्थियों का प्रवेश सुबह 7:15 बजे से 8:45 बजे तक तथा द्वितीय पाली के लिए दोपहर 12:15 बजे से 1:45 बजे तक होगा। परीक्षा शुरू होने से 45 मिनट पहले केंद्रों के गेट बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा।
डीएम ने सभी परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन तलाशी, समयबद्ध प्रवेश, प्रश्नपत्रों एवं ओएमआर शीट की सुरक्षित हैंडलिंग, सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था तथा गोपनीय सामग्री के सुरक्षित परिवहन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान परीक्षा संचालन से जुड़े सभी पहलुओं पर अधिकारियों को प्रशिक्षण भी दिया गया और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।