अयोध्या । जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने शारदीय नवरात्र, दुर्गा पूजा, दशहरा एवं प्रतिमा विसर्जन पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन हेतु सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। नवरात्र 22 सितम्बर से प्रारंभ होकर 2 अक्टूबर तक चलेंगे। इस दौरान नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में रामलीला, मेले और प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम होंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल मोबाइल रहेगा तथा मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमण कर शांति व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। पांच वर्ष से अधिक पुराने विवादों के समाधान और पीस कमेटी की बैठकें समय से कराने पर बल दिया गया। उन्होंने निर्देश दिया कि कोई नई परंपरा शुरू न हो और शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन हर हाल में किया जाए।
नगर निगम, नगर पालिका, पंचायतें व अन्य स्थानीय निकायों को सफाई, चूना छिड़काव, प्रकाश, पेयजल व पीए सिस्टम की व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए। मुख्य चिकित्साधिकारी को विसर्जन स्थलों पर मेडिकल कैम्प और एम्बुलेंस की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए। वहीं, विद्युत विभाग को निर्बाध आपूर्ति और जर्जर तारों-खंभों की मरम्मत करने, अग्निशमन विभाग को सुरक्षा उपाय मजबूत करने और खाद्य विभाग को मिलावटी खाद्य पदार्थों की जांच करने के निर्देश दिए गए।
साथ ही, सिंचाई, लोक निर्माण व नगर निकायों को विसर्जन स्थलों पर घाटों, सड़कों, प्रकाश व्यवस्था व बैरिकेडिंग जैसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्ट्रेट में नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है, जहां से सभी शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाएगा।