Wednesday, August 26, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्यामिलावटी खाद्य पदार्थों पर प्रशासन की नजर, 22 प्रतिष्ठानों की जांच

मिलावटी खाद्य पदार्थों पर प्रशासन की नजर, 22 प्रतिष्ठानों की जांच


◆ रक्षाबंधन से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग का अभियान, नौ नमूने जांच के लिए भेजे


अयोध्या। रक्षाबंधन पर्व के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी के निर्देश पर विभागीय टीमों ने मंगलवार को विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की। इस दौरान 22 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नौ खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय देवाशीष उपाध्याय के नेतृत्व में चले अभियान के दौरान छह प्रतिष्ठानों को सुधार सूचना भी जारी की गई। विभाग की टीम ने मऊ शिवाला बाजार स्थित राजाराम स्वीट्स से बेसन लड्डू और छेना, रामबाग चौराहा स्थित यादव स्वीट्स से पनीर तथा मसौधा मिल चौराहा स्थित यादव डेयरी से खोया का नमूना लिया।

इसी क्रम में रानोपाली स्थित पराग डेयरी से दूध, पनीर और सोहन पापड़ी, उदया चौराहा स्थित सुमित्रा स्वीट्स से खोया तथा दिलासीगंज स्थित गुड्डू स्वीट्स से पेड़ा का नमूना संग्रहित किया गया। सभी नौ नमूनों को गुणवत्ता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

विभाग के अनुसार रक्षाबंधन को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान में अब तक 27 नमूने लिए जा चुके हैं। जांच रिपोर्ट में किसी खाद्य पदार्थ के मानक के विपरीत पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान मिलावट के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

जिला प्रशासन ने लोगों से खाद्य एवं पेय पदार्थ खरीदते समय गुणवत्ता और स्वच्छता का ध्यान रखने की अपील की है। साथ ही किसी तरह की मिलावट की जानकारी मिलने पर संबंधित विभाग को सूचना देने को कहा गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments