अम्बेडकर नगर। जनपद में डीजल-पेट्रोल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि जिले में डीजल और पेट्रोल की किसी प्रकार की कमी नहीं है और सभी पेट्रोल पंपों पर ईंधन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है।
जारी प्रेस विज्ञप्ति में जनपद के सभी डीजल-पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने पंप पर आने वाले ग्राहकों को बोतल, पीपा या ड्रम आदि में डीजल-पेट्रोल की निकासी कदापि न दें। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि कोई व्यक्ति किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाते हुए पकड़ा जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही आईओसीएल, बीपीसीएल, एचपीसीएल और नायरा के जनपद के बिक्री अधिकारियों से अपेक्षा की गई है कि वे अपने स्तर से सभी पेट्रोल पंप मालिकों को इन निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने के लिए निर्देशित करें।
प्रशासन ने यह भी कहा है कि सभी पेट्रोल पंप संचालक प्रतिदिन डीजल-पेट्रोल की बिक्री की सूचना ई-मेल या व्हाट्सएप के माध्यम से संबंधित अधिकारी को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।