अंबेडकर नगर। कोतवाली अकबरपुर क्षेत्र के आरिया चौकी पुलिस ने सराहनीय कार्य करते हुए गुमशुदा रेलवे कर्मचारी को मात्र दो घंटे के भीतर खोज निकाला।
जानकारी के अनुसार, ताजपुर मोहिउद्दीनपुर निवासी रत्तीलाल, जो रेलवे में ट्रैकमैन के पद पर सूरापुर रेलवे क्रॉसिंग पर कार्यरत हैं, सोमवार की रात लगभग नौ बजे जनता एक्सप्रेस ट्रेन से लखनऊ के लिए रवाना हुए थे। लेकिन देर रात तक उनके लखनऊ पहुंचने की कोई सूचना न मिलने पर उनकी पत्नी उद्धराजी ने कोतवाली अकबरपुर में उनके गुमशुदा होने की तहरीर दी।
तहरीर मिलते ही कोतवाल अकबरपुर श्रीनिवास पाण्डेय ने तत्काल टीम गठित कर तलाश शुरू कराई। आरिया चौकी प्रभारी जय प्रकाश यादव ने सतर्कता व तत्परता दिखाते हुए महज दो घंटे के भीतर गुमशुदा रत्तीलाल को सकुशल बरामद कर लिया।
गुमशुदा व्यक्ति के सुरक्षित मिलने की खबर से परिजनों ने राहत की सांस ली और कोतवाली पुलिस सहित आरिया चौकी प्रभारी का आभार व्यक्त किया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।