जलालपुर, अंबेडकर नगर। मालीपुर थाना क्षेत्र के करमिसिरपुर गांव में रविवार की रात उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के ही 19 वर्षीय युवक लकी ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। जानकारी के अनुसार लकी ने घर के सामने स्थित अमरूद के पेड़ से फांसी लगाई। घटना की सूचना पर मालीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों के मुताबिक मृतक तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। पिता खेती करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
फिलहाल युवक के आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मालीपुर थाना अध्यक्ष स्वतंत्र कुमार मौर्य ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।