जलालपुर अंबेडकरनगर। बीते गुरुवार को जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के शांति नगर चौराहे पर बोलेरो की टक्कर से हुई महिला की मौत के मामले में पुलिस ने वाहन नंबर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतका के देवर अशोक कुमार निवासी जगतूपुर बिल्टई, थाना मालीपुर ने जलालपुर पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि उनकी भाभी मंजू अपने पुत्र सत्यम के साथ गुरुवार को नगपुर मायके में तेरही कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं। इसी दौरान जलालपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही बोलेरो ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गई।
घटना के बाद घायल मंजू को 108 एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगपुर, जलालपुर लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। देवर की तहरीर पर बोलेरो वाहन के नंबर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। जलालपुर कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।