◆ 10 से 14 अगस्त तक निकाली जाएगी यात्राएं, कार्यशाला में तैयारियों को अंतिम रूप
अयोध्या। भारतीय जनता पार्टी द्वारा 10 से 14 अगस्त तक आयोजित होने वाली तिरंगा यात्रा अभियान की तैयारियों को लेकर भाजपा महानगर कार्यालय में कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में अभियान की रूपरेखा, विभिन्न कार्यक्रमों एवं मंडलवार तिरंगा यात्राओं की जानकारी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को दी गई।
कार्यशाला में भाजपा क्षेत्रीय व महानगर प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने कहा कि तिरंगा यात्रा अभियान का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रहित सर्वोपरि की भावना को मजबूत करना तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और देश की रक्षा में बलिदान देने वाले वीरों के प्रति सम्मान का भाव जागृत करना है। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान शहीदों की प्रतिमाओं एवं स्मृति स्थलों की साफ-सफाई और सजावट की जाएगी। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों तथा देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले सैनिकों के स्वजन का सम्मान किया जाएगा। साथ ही घर-घर संपर्क कर लोगों से अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर पूरे सम्मान के साथ तिरंगा फहराने का आग्रह किया जाएगा।
