अयोध्या। महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के समीप केंद्रीय पेट्रोकेमिकल्स इंजीनियरिंग एवं टेक्नोलॉजी संस्थान (सीपेट) का निर्माण कार्य तेज गति से जारी है। लगभग 40 करोड़ रुपये की लागत से राजकीय निर्माण निगम द्वारा विकसित यह परियोजना क्षेत्र में तकनीकी शिक्षा और शोध का नया केंद्र बनेगी।
संस्थान में प्रशासनिक भवन, एकेडमिक ब्लॉक, आधुनिक प्रयोगशालाएं, रिसर्च सेंटर, स्किल ट्रेनिंग सेंटर और कॉमन फैसिलिटी सेंटर (सीएफसी) की सुविधाएं होंगी, जो विद्यार्थियों को पेट्रोकेमिकल्स और प्लास्टिक इंजीनियरिंग के क्षेत्र में प्रशिक्षण व शोध के अवसर प्रदान करेंगी।
अब तक प्रशासनिक भवन का कार्य लगभग पूरा हो चुका है और फिनिशिंग चल रही है। एकेडमिक भवन का 85 फीसदी, रिसर्च प्रोसेसिंग एंड टूल लैब का 90 फीसदी, बॉयज हॉस्टल का 45 फीसदी, गर्ल्स हॉस्टल का 70 फीसदी, डायरेक्टर रेजिडेंस का 75 फीसदी और श्रेणी-2 के चार आवास का 60 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है। आंतरिक मार्ग और बाउंड्री वॉल भी बन चुकी है।
राजकीय निर्माण निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर रविंद्र यादव के अनुसार, परियोजना का लगभग 80 फीसदी कार्य संपन्न हो गया है और शेष कार्य अक्टूबर तक पूरा करने का लक्ष्य है। शेष कार्यों में सेप्टिक टैंक, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, अंडरग्राउंड सीवर लाइन और हार्टिकल्चर शामिल हैं। निर्माण में गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।