आलापुर अंबेडकर नगर। शहीद-ए-आजम भगतसिंह की 118वीं जयंती के अवसर पर नौजवान भारत सभा की ओर से रविवार को सिंघलपट्टी बाजार में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। विषय रहा— ‘भगतसिंह का सपना और हमारा समाज’। कार्यक्रम की शुरुआत जोशीले गीत ‘मेरा रंग दे बसंती चोला’ से हुई।
सभा को संबोधित करते हुए संगठन के मित्रसेन ने कहा कि भगतसिंह और उनके साथियों का सपना एक ऐसे समाज का था, जिसमें गैरबराबरी न हो, धर्म और जाति के नाम पर किसी के साथ अन्याय न किया जाए, स्त्रियों को हर अधिकारों में समानता मिले और श्रमिक वर्ग को निर्णय लेने की शक्ति प्राप्त हो। उन्होंने कहा कि भगतसिंह का आदर्श शोषणमुक्त और सच्ची धर्मनिरपेक्षता पर आधारित समाज था।
नौजवान भारत सभा के बिंद्रेश ने युवाओं से आह्वान किया कि वे भगतसिंह जैसे क्रांतिकारी विचारकों को जानें और उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लें। कार्यक्रम का संचालन भी बिंद्रेश ने ही किया। इस अवसर पर रामधनी, विशाल, सुशील, आंचल सिंह, विनोद, अनुज, शालू, अदिति सिंह, शान्वी सिंह, जानवी सिंह, दिक्षा सिंह, अंतिमा यादव, परी मिश्रा, गरिमा यादव, शिवानी यादव, आकृति पाठक, रिमझिम विश्वकर्मा, प्रिंस, गुलशन, अंश, आदित्य, प्रवीण, शिव सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।