अम्बेडकर नगर। जनपद में आगामी त्योहारों को शान्तिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने संयुक्त रूप से की। गोष्ठी में जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी/पूर्वी तथा राजपत्रित अधिकारीगण उपस्थित रहे। बैठक के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में संवेदनशील स्थानों की पहचान कर सतर्कता बढ़ाएं तथा नियमित रूप से फ्लैग मार्च एवं रात्रि गश्त कराएं, ताकि आम जनता में सुरक्षा की भावना बनी रहे और शरारती तत्वों में भय। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर विशेष निगरानी रखने हेतु सोशल मीडिया सेल को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए। सार्वजनिक स्थलों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच एवं समय से मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही सभी थानों को अपने क्षेत्रों के संभ्रांत नागरिकों, धर्मगुरुओं एवं शांति समिति के सदस्यों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने का निर्देश भी दिया गया। गोष्ठी में यह भी स्पष्ट किया गया कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों जैसे शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी, जुआ आदि पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जनता से प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में निरंतर भ्रमणशील रहने और आयोजनों पर सतर्क दृष्टि बनाए रखने की हिदायत दी। दोनों अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा और अराजक तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।