Saturday, March 7, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरई-रिक्शा को बचाने में शारदा सहायक नहर में गिरी पिकअप , दो...

ई-रिक्शा को बचाने में शारदा सहायक नहर में गिरी पिकअप , दो घायल


जलालपुर, अंबेडकर नगर। जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के जलालपुर–बसखारी मार्ग पर शनिवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कर्बला कासिमपुर बाजार के पास एक दूध से लदी पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर शारदा सहायक नहर में जा गिरी। इस हादसे में वाहन चालक सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद नहर में गिरे वाहन को बाहर निकलवाया।

जानकारी के अनुसार शनिवार लगभग दोपहर एक बजे पिकअप वाहन चालक प्रहलाद और सर्वजीत निवासी मगुराडीला किछौछा दूध की सप्लाई कर वापस लौट रहा था। कर्बला कासिमपुर बाजार के पास अचानक सामने आ गए एक ई-रिक्शा को बचाने के प्रयास में चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और पिकअप सीधे शारदा सहायक नहर में जा गिरी। वाहन के नहर में गिरते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।

हादसे के समय पिकअप में चालक प्रहलाद के साथ सर्वजीत भी सवार था। दोनों को गंभीर चोटें आईं। घटना की जानकारी मिलते ही बाजार में मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को नहर से बाहर निकाला और पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद घटना की सूचना जलालपुर कोतवाली पुलिस को दी गई।

सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और नहर में गिरे पिकअप वाहन को बाहर निकलवाने के लिए क्रेन की मदद ली गई। कड़ी मशक्कत और काफी समय बाद पुलिस को वाहन बाहर निकालने में सफलता मिली। इस दौरान मार्ग पर यातायात भी कुछ समय के लिए बाधित रहा। शारदा सहायक नहर पर बनी पुलिया की ऊंचाई कम होने से आए दिन इस प्रकार के हादसे होते रहते हैं।

इस संबंध में जलालपुर कोतवाली प्रभारी अजय प्रताप यादव ने बताया कि दुर्घटना में वाहन चालक सहित दो लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। फिलहाल दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस द्वारा घटना की जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar

Recent Comments