Home Uncategorized फतेहगंज ओवरब्रिज के नीचे विकसित होगा मिनी क्रिकेट मैदान और बाल उद्यान,...

फतेहगंज ओवरब्रिज के नीचे विकसित होगा मिनी क्रिकेट मैदान और बाल उद्यान, जल्द शुरू होगा निर्माण

0
2

अयोध्या। शहर में खेल एवं मनोरंजन सुविधाओं के विस्तार की दिशा में फतेहगंज ओवरब्रिज के नीचे स्थित खाली भूमि का उपयोग करते हुए मिनी क्रिकेट मैदान और बच्चों के खेल क्षेत्र का विकास किया जाएगा। इस परियोजना पर लगभग 2.61 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

प्रस्तावित योजना के तहत जीआईसी से फतेहगंज मार्ग के बीच ओवरब्रिज के नीचे उपलब्ध स्थान को विकसित किया जाएगा। वर्तमान में अनुपयोगी पड़े इस क्षेत्र में कंक्रीट पेवमेंट, बच्चों का पार्क, क्रिकेट नेट प्रैक्टिस एरिया, पार्किंग सुविधा, लैंडस्केपिंग तथा विद्युत व्यवस्था से जुड़े कार्य कराए जाएंगे।

परियोजना में क्रिकेट अभ्यास के लिए नेट प्रैक्टिस क्षेत्र तैयार किया जाएगा, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों और युवाओं को अभ्यास की सुविधा मिल सकेगी। वहीं बच्चों के लिए झूले, स्लाइड, सी-सॉ समेत विभिन्न खेल उपकरण लगाए जाएंगे। क्षेत्र के सौंदर्यीकरण के लिए हरित पट्टी, पौधरोपण, वॉकवे और बैठने की व्यवस्था भी प्रस्तावित है।

योजना में पार्किंग की सुविधा विकसित करने का भी प्रावधान है, जिससे आसपास के क्षेत्र में वाहनों के व्यवस्थित संचालन में मदद मिल सकेगी। साथ ही पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और अन्य आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने बताया कि परियोजना का उद्देश्य ओवरब्रिज के नीचे उपलब्ध खाली स्थान का बेहतर उपयोग करते हुए नागरिकों को खेल एवं मनोरंजन की सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित कार्यों के लिए प्रक्रिया पूरी की जा रही है और निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ होने की उम्मीद है।

स्थानीय नागरिकों का मानना है कि परियोजना के पूरा होने के बाद बच्चों और युवाओं को खेल गतिविधियों के लिए एक नया स्थान मिलेगा, वहीं क्षेत्र के सौंदर्यीकरण और सार्वजनिक उपयोगिता में भी वृद्धि होगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here