अयोध्या। जनपद में 26 फरवरी को वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह रोजगार मेला डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के आईईटी परिसर में आयोजित होगा, जिसमें 50 से अधिक निजी कंपनियां भाग लेंगी। आयोजन में 3000 से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी।
मेले में बैंकिंग, सूचना प्रौद्योगिकी, ऊर्जा, ई-कॉमर्स और खाद्य उद्योग से जुड़ी कंपनियां शामिल होंगी। भाग लेने वाली प्रमुख कंपनियों में एक्सिस बैंक, पेटीएम, टाटा समूह, लार्सन एंड टुब्रो, रिलायंस एनर्जी, अमेज़न, सुजलॉन तथा ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज शामिल हैं।
यह रोजगार मेला हाईस्कूल (10वीं) उत्तीर्ण से लेकर स्नातक तक की शैक्षिक योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों के लिए खुला है। आवेदन और प्रवेश प्रक्रिया पूर्णतः निःशुल्क रखी गई है। इच्छुक अभ्यर्थी सेवायोजन विभाग के पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर ऑनलाइन पंजीकरण कर साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं।
सहायक निदेशक सेवायोजन देवब्रत कुमार ने बताया कि मेले का उद्देश्य स्थानीय युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय से पंजीकरण कर निर्धारित तिथि पर अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित हों।