◆ चार रात–पांच दिन के पैकेज में वीआईपी दर्शन, नौका विहार और गंगा–सरयू आरती का मिलेगा अनुभव
लखनऊ/अयोध्या। त्योहारी सीजन में उत्तर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने खास टूर पैकेज शुरू किया है। ‘विजिट माई स्टेट’ अभियान के तहत शुरू किए गए ‘स्पिरिचुअल ट्रायंगल’ पैकेज में वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या को एक ही यात्रा से जोड़ा गया है। चार रात और पांच दिन के इस पैकेज में धार्मिक स्थलों के दर्शन के साथ नौका विहार, आरती और सांस्कृतिक स्थलों के भ्रमण की सुविधा भी दी जाएगी।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि आगामी त्योहारों को देखते हुए शुरू किया गया यह पैकेज प्रदेश के तीन प्रमुख आध्यात्मिक केंद्रों को एक धार्मिक यात्रा मार्ग से जोड़ता है। इससे श्रद्धालुओं को तीर्थयात्रा के दौरान बेहतर और सुविधाजनक यात्रा अनुभव मिलने के साथ प्रदेश में आध्यात्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 के जनवरी से मार्च के बीच करीब 31.40 करोड़ घरेलू और विदेशी पर्यटक उत्तर प्रदेश पहुंचे हैं। त्योहारी सीजन में पर्यटकों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है।
काशी से शुरू होगी यात्रा
यात्रा की शुरुआत वाराणसी से दोपहर एक बजे होगी। पहले दिन श्रद्धालु संकट मोचन मंदिर, दुर्गाकुंड मंदिर और अस्सी घाट का भ्रमण करेंगे। इसके बाद गंगा में नौका विहार और गंगा आरती का अनुभव मिलेगा।
दूसरे दिन काशी विश्वनाथ मंदिर में वीआईपी दर्शन, अन्नपूर्णा मंदिर और काल भैरव मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। इसके बाद पर्यटकों को सारनाथ ले जाया जाएगा, जहां धमेख स्तूप, चौखंडी स्तूप, बोधि वृक्ष और अशोक स्तंभ संग्रहालय का भ्रमण होगा। यात्रा कार्यक्रम में बनारस हिंदू विश्वविद्यालय का भ्रमण भी शामिल है।
संगम स्नान के बाद अयोध्या पहुंचेंगे श्रद्धालु
तीसरे दिन यात्री प्रयागराज पहुंचेंगे। यहां आनंद भवन, संगम और लेटे हनुमान जी मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। श्रद्धालुओं को संगम में पवित्र स्नान का अवसर भी मिलेगा।
चौथे दिन यात्रा अयोध्या पहुंचेगी। यहां हनुमानगढ़ी, कनक भवन और दशरथ महल के दर्शन के साथ श्रीराम मंदिर में वीआईपी दर्शन कराया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालु सरयू घाट पर आरती में शामिल होंगे। पांचवें दिन नाश्ते के बाद यात्रियों को अयोध्या एयरपोर्ट अथवा रेलवे स्टेशन तक पहुंचाने की व्यवस्था होगी।
दो विकल्पों में पैकेज
यूपीएसटीडीसी के अनुसार, सेडान कार से यात्रा के लिए न्यूनतम चार यात्रियों का समूह जरूरी होगा। इसका शुल्क 14,400 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है। वहीं क्रिस्टा वाहन के विकल्प में न्यूनतम छह यात्रियों का समूह होना आवश्यक है और शुल्क 13,000 रुपये प्रति व्यक्ति रखा गया है।
पैकेज में एसी वाहन से यात्रा, नौका विहार, गाइड की सुविधा, चार रात एसी आवास और डबल शेयरिंग के आधार पर ठहरने के साथ नाश्ता शामिल है। दोपहर और रात के भोजन का खर्च यात्रियों को स्वयं वहन करना होगा।
तीर्थ पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
यूपीएसटीडीसी के अध्यक्ष अमृत अभिजात ने कहा कि ‘विजिट माई स्टेट’ अभियान के माध्यम से प्रदेश के प्रमुख और अल्पज्ञात पर्यटन स्थलों को देश-दुनिया के पर्यटकों तक पहुंचाने के साथ बेहतर यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। ‘स्पिरिचुअल ट्रायंगल’ पैकेज के जरिए पर्यटक एक ही यात्रा में उत्तर प्रदेश के तीन प्रमुख धार्मिक केंद्रों का भ्रमण कर सकेंगे। इससे श्रद्धालुओं को सुविधा मिलने के साथ प्रदेश में तीर्थ पर्यटन को भी गति मिलेगी।