अंबेडकर नगर। सोमवार को अकबरपुर में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रतीक्षा सिंह के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में विभिन्न विभागों के सभी कर्मचारी, अधिकारी और स्थानीय लोग उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
तिरंगा यात्रा अकबरपुर शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। यात्रा के दौरान देशभक्ति से ओत-प्रोत नारों की गूंज से पूरा शहर माहौल देशभक्ति के रंग में रंग गया। लोग घरों और दुकानों से बाहर निकलकर यात्रा में शामिल हुए तथा राष्ट्रीय ध्वज लहराते हुए प्रतिभागियों का स्वागत किया।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रतीक्षा सिंह ने इस अवसर पर कहा कि तिरंगा हमारी एकता, अखंडता और स्वतंत्रता का प्रतीक है। उन्होंने सभी नागरिकों से राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और उसकी गरिमा बनाए रखने का आह्वान किया।
यात्रा में अकबरपुर कोतवाली प्रभारी श्रीनिवास पांडे, दीवान राम अवधपाल सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी व जवान मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल पूरे मार्ग पर तैनात रहा, जिससे यात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई