अयोध्या। हिन्दू समाज की एकता, सामाजिक समरसता और स्वाभिमान को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से अयोध्या में विराट हिन्दू सम्मेलन एवं समरसता भोज का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कौशलपुरी कॉलोनी स्थित सुरेन्द्र लॉन में संपन्न हुआ, जिसमें संत समाज, धर्माचार्य, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की।
सम्मेलन में लक्ष्मण किला पीठाधीश्वर पूज्य महंत मैथिली रमण शरण जी महाराज की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के महासचिव चंपत राय रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि राष्ट्र को सशक्त और समृद्ध बनाने की दिशा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पिछले सौ वर्षों से कार्य कर रहा है। उन्होंने समाज से जाति-पांति के भेद से ऊपर उठकर एकजुट होने का आह्वान किया और देश के विकास में सकल हिन्दू समाज के योगदान की चर्चा की।
संघ शताब्दी वर्ष में व्यापक जनसंपर्क का लक्ष्य
सम्मेलन के विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं संघ चालक प्रोफेसर विक्रमा प्रसाद पाण्डेय ने बताया कि संघ अपना शताब्दी वर्ष मना रहा है। इस अवसर पर घर-घर संपर्क अभियान चलाया जा रहा है तथा देश-विदेश में लगभग एक लाख स्थानों पर हिन्दू सम्मेलन आयोजित करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे समाज को उसके महत्व के साथ संगठित किया जा सके।
राम मंदिर संघर्ष का उल्लेख, सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ
संत चरण के रूप में उपस्थित लक्ष्मण किला पीठाधीश्वर महंत मैथिली रमण शरण जी महाराज ने अपने उद्बोधन में बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने राम मंदिर आंदोलन के लंबे संघर्ष का उल्लेख करते हुए इसे राष्ट्र की अस्मिता से जुड़ा बताया। इसके पश्चात उनके नेतृत्व में सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
पूर्व सैनिकों की रही सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद की उल्लेखनीय भागीदारी रही। परिषद के जिला अध्यक्ष श्री प्रकाश पाठक के नेतृत्व में लगभग 200 से अधिक पूर्व सैनिकों ने सम्मेलन में सहभागिता की। उन्होंने बताया कि आयोजन का उद्देश्य हिन्दू समाज को एकजुट करना और सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक करना है।
समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता
सम्मेलन के आयोजन में विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों का सहयोग रहा। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत सह कुटुम्ब प्रबोधन प्रमुख प्रोफेसर रमा प्रति मिश्रा, महानगर शारीरिक प्रमुख अवनि कुमार शुक्ला, डॉ. आभा सिंह, डॉ. प्रज्ञा मिश्रा, सरस्वती विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य मंगली प्रसाद तिवारी, ओपी इंटर कॉलेज के प्रबंधक अमर सिंह सहित अनेक सामाजिक व शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े लोग उपस्थित रहे। इसके अलावा अखिलेश तिवारी, कृष्ण कुमार तिवारी, पुकारे यादव, अनुकल्प मिश्रा, प्रशांत गौड़, देवेश कुमार पांडेय, तरुण मालवीय, अभिषेक शुक्ला, राजपाल वर्मा, कैप्टन अमरजीत सिंह, सूबेदार कपिल देव सिंह, प्रांत प्रचार प्रमुख रणविजय सिंह, सदर तहसील अध्यक्ष प्रेम प्रकाश मिश्रा, जिला सह सचिव कैप्टन वीके सिंह, जिला सह सचिव सूबेदार सिद्धनाथ शर्मा, नगर कार्यवाह बालेन्दु भूषण मिश्रा, बृज किशोर शुक्ला, सूबेदार मेजर महेन्द्र कुमार मिश्रा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और नागरिक मौजूद रहे।