अंबेडकर नगर। विधान परिषद सदस्य हरिओम पांडेय के प्रयासों से श्रवण क्षेत्र धाम में अगहन पूर्णिमा पर लगने वाले पारंपरिक मेले के साथ इस वर्ष विराट किसान मेला-का भव्य आयोजन किया जा रहा है। कृषि विभाग के कृषि सूचना तंत्र सुदृढ़ीकरण एवं कृषक जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित यह मेला 4 दिसंबर से 7 दिसंबर तक चलेगा। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में होने वाला यह आयोजन किसानों, कृषि वैज्ञानिकों, उद्यमियों और कृषि स्टार्टअप्स के लिए साझा मंच प्रदान करेगा।
मेले में आधुनिक कृषि मशीनरी, ड्रोन स्प्रे, प्रिसिजन फार्मिंग, डिजिटल खेती, जैविक एवं प्राकृतिक कृषि पर कार्यशालाएँ, उन्नत बीज व फसल सुरक्षा उत्पादों की प्रदर्शनी प्रमुख आकर्षण होंगे। इसके साथ ही कृषि वैज्ञानिकों से सीधा संवाद, सरकारी योजनाओं की जानकारी, स्टार्टअप्स के लिए नवाचार मंच, पशुपालन और मत्स्य पालन से जुड़ी उपयोगी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
उद्घाटन समारोह में प्रभारी मंत्री गिरीशचंद यादव मुख्य अतिथि होंगे, जबकि एमएलसी हरिओम पांडेय, विधायक कटेहरी धर्मराज निषाद और जिला पंचायत अध्यक्ष श्यामसुंदर वर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। समापन समारोह में एमएलसी हरिओम पांडेय सह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
उप कृषि निदेशक ने बताया कि मेले का उद्देश्य किसानों को नवीन तकनीक, योजनाओं और उन्नत कृषि पद्धतियों से जोड़कर उनकी आय में वृद्धि करना है। उन्होंने किसानों से अधिक संख्या में उपस्थित होकर मेले को सफल बनाने की अपील की।