अंबेडकर नगर। घर में पंखा ठीक करते समय करंट की चपेट में आने से किसान सर्वजीत वर्मा (36) पुत्र स्वर्गीय बैजनाथ वर्मा निवासी श्यामगंज, थाना अकबरपुर की मौत हो गई। हादसा मंगलवार देर रात करीब नौ बजे हुआ।
जानकारी के अनुसार सर्वजीत वर्मा घर में खराब पंखा ठीक कर रहे थे। इस दौरान अचानक करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। परिजन आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे तीन बेटियों को छोड़ गए हैं। घटना की खबर फैलते ही मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई।