◆ गुप्तार घाट, निर्मली कुंड व जमथरा घाट के निषाद परिवारों को मिली है जमीन खाली करने की नोटिस
अयोध्या। पूर्व सांसद लल्लू सिंह के नेतृत्व में निषाद समाज के प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली स्थित रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के आवास पर मुलाकात कर अयोध्या के निर्मली कुंड, गुप्तार घाट और जमथरा घाट क्षेत्र के निषाद परिवारों की समस्याओं से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि रक्षा सम्पदा निदेशालय द्वारा इन क्षेत्रों में रहने वाले कई परिवारों को जमीन खाली करने की नोटिस जारी की गई है, जिससे लोगों में चिंता व्याप्त है।
पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने रक्षामंत्री को बताया कि निर्मली कुंड, गुप्तार घाट और जमथरा घाट में निषाद समाज के दर्जनों परिवार कई पीढ़ियों से निवास कर रहे हैं। इन परिवारों की आजीविका का मुख्य आधार सरयू नदी है तथा उनका नदी से गहरा सांस्कृतिक और सामाजिक जुड़ाव है। उन्होंने कहा कि यदि इन परिवारों को विस्थापित किया गया तो सदियों पुरानी परंपरा और जीवन शैली प्रभावित हो जाएगी।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि निषाद समाज के हितों की पूरी चिंता की जाएगी और किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने छावनी परिषद को इन क्षेत्रों के समुचित विकास के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने कहा कि निषाद समाज सरयू नदी की परंपरा और संस्कृति से जुड़ा हुआ है। समाज के लोगों के हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जाएंगे।
प्रतिनिधिमंडल में छावनी परिषद के उपाध्यक्ष राममिलन निषाद, पूर्व सभासद अमरजीत, भाजपा बूथ अध्यक्ष वीरेंद्र निषाद, शिवकुमार, राजेंद्र निषाद, राकेश निषाद, विनोद निषाद, फिरोज एवं सुनील कुमार चौरसिया सहित अन्य लोग मौजूद रहे।