जलालपुर, अंबेडकर नगर। मंगलवार को जलालपुर ब्लॉक परिसर स्थित शहीद स्मारक पर मनरेगा बचाओ अभियान के तहत एक चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विधानसभा जलालपुर की ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेसियों ने मनरेगा योजना के नाम में बदलाव और रोजगार गारंटी से जुड़े मुद्दों को लेकर केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने मनरेगा से संबंधित प्रस्तावित बदलावों और विधेयक को वापस लेने की मांग करते हुए सरकार पर मजदूरों और गरीब वर्ग के अधिकारों की अनदेखी का आरोप लगाया।
इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुनील सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष राजकुमार अग्रहरि, मुन्नीलाल, अबू शहमा, अजय कुमार वर्मा, प्रमोद शर्मा, राकेश वर्मा, वीर बहादुर, जय राम वर्मा, पारस कश्यप, मुर्तजा हुसैन सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष सुनील मिश्र ने अपने संबोधन में कहा कि मनरेगा योजना ग्रामीण गरीबों के लिए जीवनरेखा है और इसमें किसी भी प्रकार का बदलाव मजदूरों के हितों के खिलाफ होगा। उन्होंने सरकार से मांग की कि मनरेगा की मूल भावना को बरकरार रखते हुए श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा की जाए। कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर मनरेगा बचाने के संकल्प के साथ आंदोलन को आगे बढ़ाने का ऐलान किया।