अयोध्या। शनिवार की देर शाम हिंदुस्तान अखबार में कार्यरत पत्रकार राम मूर्ति यादव पर हुए जानलेवा हमले के मामले में केस दर्ज किया गया है। उनके भाई बृजेश कुमार यादव की तहरीर में 8 से 10 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ जान से मारने की नीयत से हमला करने का आरोप लगाया गया है जिसमें भारतीय न्याय संहिता 191 (2) 191 (3) और 191 (1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
मामले में शनिवार की देर शाम कार्यालय से निकलते वक्त कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने पत्रकार राम मूर्ति के ऊपर लोहे की रॉड व लाठी डंडों से जानलेवा हमला कर दिया था। कार्यालय में कार्यरत अन्य लोगों द्वारा उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद रात में जिला अस्पताल में सपा नेताओं व उनके शुभचिंतकों का तांता लगा रहा। सांसद अवधेश प्रसाद, पूर्व मंत्री पवन पाण्डेय, राघवेन्द्र प्रताप सिंह अनूप सहित अन्य सपा नेता जिला चिकित्सालय पहुंच कर उनका हालचाल लिया। यह दुसाहसिक घटना शहर की कानून व्यवस्था पर एक प्रश्न चिन्ह है। नगर कोतवाल अश्विनी कुमार पांडे ने बताया कि हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई है। सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं जल्द ही हमलावरों की गिरफ्तारी होगी।