अयोध्या। गणतंत्र दिवस के अवसर पर अयोध्या के विक्रमादित्य वार्ड स्थित अंगूरी बाग कॉलोनी में शहीद सैनिकों की स्मृति में एक दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर अयोध्या के वीर सपूत शहीद लेफ्टिनेंट शशांक त्रिपाठी, शहीद राजकुमार यादव एवं शहीद रामप्रसाद यादव की याद में संकल्प संस्थान के अध्यक्ष आशीष पाण्डेय ‘दीपू’ के संयोजन में आयोजित हुआ, जिसमें 50 युवाओं ने रक्तदान कर देश के शहीदों को नमन किया।
रक्तदान शिविर में शहीद लेफ्टिनेंट शशांक त्रिपाठी के पिता जंगबहादुर त्रिपाठी को पूर्व अपर निदेशक हरिनाथ तिवारी, आईएमए के सचिव निशांत सक्सेना एवं अंकुश शुक्ल द्वारा अंगवस्त्र व पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।
जंगबहादुर त्रिपाठी ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि युवाओं द्वारा किया गया रक्तदान शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि है। यह रक्त किसी जरूरतमंद के जीवन की रक्षा करेगा। इस दौरान पत्रकार नितिन श्रीवास्तव को 19 बार रक्तदान करने पर अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
शिविर में जनपद के कई वरिष्ठ चिकित्सकों ने रक्तदाताओं को प्रोत्साहित किया। हृदय रोग विशेषज्ञ स्वाति शुक्ला द्वारा समाजसेवी भारती सिंह, पत्रकार नितिन श्रीवास्तव, अवनीश मिश्रा, ममता खत्री एवं देश दीपक यादव को रक्तदान क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रयास के लिए रक्तवीर सम्मान प्रदान किया गया।
रक्तदान शिविर में कुल 60 लोगों ने पंजीकरण कराया। शिविर का उद्घाटन लोकप्रिया हॉस्पिटल की फाउंडर प्रियंका खरे, स्वाति शुक्ला, सुनीता सिंह, दीपशिखा एवं दीप्ति गुप्त ने संयुक्त रूप से किया। प्रियंका खरे ने कहा कि शहीदों के सम्मान में संचालित यह रक्तदान अभियान समाज के लिए प्रेरणादायी पहल है।
पूर्व अपर निदेशक हरिनाथ तिवारी, आईएमए सचिव निशांत सक्सेना, अंकुश शुक्ल, आशीष पाठक एवं इकबाल द्वारा 10 से अधिक बार रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं को रक्त योद्धा सम्मान से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक जयशंकर पाण्डेय, पूर्व प्राचार्य सीताराम अग्रवाल, रामानंद तिवारी, रोली यादव, भारती सिंह, आरपी तिवारी, राजनारायण पाण्डेय, राजन तुलसी, यशस्पति अग्रवाल, प्रेम प्रकाश शुक्ला, सुधीर अग्रवाल, जगत नारायण तिवारी, दीपक भट्ट, करुणा पाण्डेय, विष्णु कुमार भज्जा, सुरेश मित्तल, राम शंकर गुप्ता, विवेक जैन सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।