Monday, November 23, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरलंबित राजस्व मामलों के निस्तारण की मांग को लेकर अधिवक्ता ने दिया...

लंबित राजस्व मामलों के निस्तारण की मांग को लेकर अधिवक्ता ने दिया धरना


जलालपुर, अंबेडकर नगर। तहसील न्यायालयों में निर्विवाद मामलों का समय से निस्तारण न होने, आदेशित फाइलों को लंबित रखने तथा न्यायालयों की कथित मनमानी और लापरवाहीपूर्ण कार्यप्रणाली से नाराज वरिष्ठ अधिवक्ता आशुतोष कुमार श्रीवास्तव ने सोमवार को जलालपुर तहसील परिसर स्थित उपजिलाधिकारी न्यायालय के गेट के बगल में धरना शुरू कर दिया। अधिवक्ता ने इससे पूर्व लिखित शिकायती पत्र देकर तथा रजिस्टर्ड डाक से उपजिलाधिकारी को शिकायत भेजकर समस्या के निस्तारण की मांग की थी। कार्रवाई न होने पर उन्होंने 23 नवंबर से धरना देने की चेतावनी दी थी।

धरने के दौरान अधिवक्ता ने आरोप लगाया कि तहसीलदार न्यायालय में विचाराधीन राजकुमार बनाम मोहन (ग्राम सोहगूपुर), रंजीत वर्मा बनाम सुरेश (ग्राम दिघी), श्रीमती कमलेश बनाम कलावती तथा अफजल बनाम हलीम सहित कई मामलों में अनावश्यक रूप से देरी की जा रही है। वहीं उपजिलाधिकारी न्यायिक न्यायालय से पारित आदेशों का अब तक अमलदरामद नहीं कराया गया है। इसके अलावा निर्विवाद बंटवारे के मामलों में प्रारंभिक डिक्री पारित न किए जाने तथा उपजिलाधिकारी न्यायालय में चुन्नीलाल बनाम मन्नूलाल सहित अन्य बंटवारे के मामलों को लंबित रखे जाने पर भी उन्होंने नाराजगी जताई।

अधिवक्ता का कहना था कि निर्विवाद मामलों में भी समय से निर्णय नहीं होने के कारण वादकारियों को अनावश्यक रूप से न्यायालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। धरना शुरू होने के बाद तहसील न्यायालयों की कार्यप्रणाली को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं।

लगभग तीन घंटे से अधिक समय तक चले धरने के बाद उपजिलाधिकारी धर्मेंद्र कुमार सिंह तथा नवागत तहसीलदार प्रांजल त्रिपाठी मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने धरनारत अधिवक्ता से बातचीत कर उनकी शिकायतों और लंबित मामलों की जानकारी ली। साथ ही संबंधित मामलों का जल्द से जल्द निस्तारण कराने का आश्वासन दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद अधिवक्ता ने धरना समाप्त कर दिया।

गौरतलब है कि उच्च न्यायालय के सख्त निर्देशों और शासन की ओर से राजस्व वादों के त्वरित निस्तारण पर लगातार जोर दिए जाने के बावजूद तहसील न्यायालयों में मामलों के लंबित रहने की शिकायतें सामने आती रहती हैं। ऐसे में वरिष्ठ अधिवक्ता के धरने ने एक बार फिर न्यायालयों की कार्यप्रणाली और वादकारियों को समय से न्याय मिलने के सवाल को चर्चा में ला दिया है। अब देखना यह है कि अधिकारियों द्वारा दिए गए आश्वासन के बाद शिकायती पत्र में उठाए गए मामलों के साथ-साथ अन्य लंबित निर्विवाद मामलों का भी समयबद्ध निस्तारण हो पाता है या नहीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments