जलालपुर, अंबेडकर नगर। मालीपुर पुलिस ने चोरी की चार घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 17,270 रुपये नकद बरामद हुए हैं। चोरी की घटनाएं मालीपुर, कटका और अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र में हुई थीं। गिरफ्तार तीनों आरोपी सुल्तानपुर जिले के दोस्तपुर थाना क्षेत्र के नरायनपुर कला गांव के निवासी हैं।
पुलिस के मुताबिक, चोरी के मुकदमों की विवेचना के दौरान मुखबिर से तीन संदिग्धों के मोटरसाइकिल के पास खड़े होने की सूचना मिली। थानाध्यक्ष तनुज कुमार पाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में चोरी की घटनाओं से संबंधित नकदी बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने सुरहुरपुर बाजार में मोबाइल और आभूषण की दुकानों के शटर तोड़कर चोरी करने के साथ ही अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के सिझौली और कटका थाना क्षेत्र के पाभीपुर गांव में घरों में चोरी की घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार, पाभीपुर की घटना में चोरी किए गए आभूषण मुख्य आरोपी सावंत सोनी उर्फ राजा ने एक अज्ञात राहगीर को बेच दिए थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सावंत सोनी उर्फ राजा, सौरभ उर्फ विपिन और देवेश उपाध्याय उर्फ वैभव उपाध्याय के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद नकदी का ब्योरा देते हुए बताया कि मालीपुर की दो घटनाओं से 3,370 रुपये, कटका की घटना से 4,550 रुपये और अकबरपुर की घटना से 9,350 रुपये बरामद हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, देवेश उपाध्याय के खिलाफ जौनपुर और सुल्तानपुर के विभिन्न थानों में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक जय प्रकाश केशरी, महेश त्रिपाठी और दिनेश बहादुर सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।