जलालपुर, अंबेडकर नगर। शादी समारोह से घर लौट रहे 72 वर्षीय वृद्ध की ई-रिक्शा पलटने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के शेखूपुर गांव निवासी राजित राम पुत्र गुलदत्त 12 नवंबर को अपनी रिश्तेदारी मुहाजिदपुर में शादी समारोह में शामिल होने गए थे। समारोह संपन्न होने के बाद सोमवार को वह ई-रिक्शा से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान जलालपुर-बसखारी मार्ग पर भिटौरा के पास अचानक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। ई-रिक्शा के नीचे दबने से राजित राम गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल ई-रिक्शा हटाकर वृद्ध को बाहर निकाला और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वृद्ध की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। इस संबंध में कोतवाल अजय प्रताप सिंह यादव ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।