Tuesday, November 17, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याऊदा देवी पासी के शहीदी दिवस पर सपा ने किया पीडीए सम्मेलन,...

ऊदा देवी पासी के शहीदी दिवस पर सपा ने किया पीडीए सम्मेलन, भाजपा पर साधा निशाना


◆ अवधेश प्रसाद बोले– पीडीए समाज के हक और सम्मान की लड़ाई लड़ रही सपा, 2027 में बनेगी अखिलेश यादव की सरकार


मिल्कीपुर, अयोध्या। समाजवादी पार्टी की ओर से सोमवार को मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र के पांच नंबर चौराहे पर पीडीए सम्मेलन एवं वीरांगना ऊदा देवी पासी के शहीदी दिवस पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि सांसद एवं सपा के राष्ट्रीय महासचिव अवधेश प्रसाद ने वीरांगना के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके साहस और बलिदान को नमन किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर दलितों, पिछड़ों और वंचितों के उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए निशाना साधा।

अवधेश प्रसाद ने कहा कि वीरांगना ऊदा देवी पासी ने 16 नवंबर को लखनऊ के सिकंदरबाग में अंग्रेजों से मुकाबला करते हुए 36 सैनिकों को मार गिराया था। अंततः अंग्रेज ब्रिगेडियर की गोली से वह वीरगति को प्राप्त हुईं। उनका बलिदान देश के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में वीरांगना के वंशजों तक को अपमानित किया जा रहा है। प्रदेश में दलितों, गरीबों और वंचितों पर अत्याचार बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पीडीए समाज के हक, सम्मान और अधिकारों की लड़ाई लड़ रही है। 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बाहर कर अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा की सरकार बनेगी।

पूर्व प्रत्याशी अजीत प्रसाद ने कहा कि वीरांगना ऊदा देवी पासी का संघर्ष और बलिदान पीडीए समाज के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। समाजवादी पार्टी शोषित, वंचित और पिछड़े समाज के अधिकारों के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने का आह्वान किया।

पूर्व विधायक अब्बास अली जैदी उर्फ रुश्दी मियां ने कहा कि ऊदा देवी पासी ने अदम्य साहस से अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती दी थी। आजादी की लड़ाई में पति मक्का पासी और पत्नी ऊदा देवी दोनों का योगदान रहा, लेकिन दुर्भाग्य से स्वतंत्रता संग्राम के नायकों के साथ भी जातिगत भेदभाव किया गया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने बूथ पर पूरी ताकत से जुटने और अखिलेश यादव के नेतृत्व में पीडीए सरकार बनाने का आह्वान किया।

सपा जिलाध्यक्ष जय सिंह यादव ने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता पीडीए के सम्मान, अधिकार और भागीदारी की लड़ाई मजबूती से लड़ेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ, सेक्टर और जोन स्तर पर संगठन को मजबूत करने की अपील की।

सपा प्रवक्ता लवलेश पांडेय ने बताया कि कार्यक्रम की अध्यक्षता पृथ्वीराज यादव ने की तथा संचालन यदुनाथ यादव ने किया। कार्यक्रम में छोटे लाल यादव, रिजवान रसूल, छेदी सिंह, बाबूराम गौड़, सरोज यादव, साहबलाल यादव, राम बहादुर यादव, राम लहू यादव, शिवशंकर यादव, रामजी पाल, आकिब खान, रामतेज यादव, रामसतन कोरी, वेद प्रकाश यादव, महेंद्र यादव, अबसार अहमद, सोहनलाल रावत, प्रहलाद रावत और पूजा वर्मा सहित अन्य नेताओं ने विचार व्यक्त किए। इस मौके पर धर्मपाल यादव, अनिल विश्वकर्मा, विकास तिवारी, रजनीश यादव, अरविंद वर्मा, हरिराम कोरी, संतोष यादव, आनंद यादव, आजाद सिंह चौहान, रामसिंह यादव और एहरार खान सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments