जलालपुर, अंबेडकर नगर। नगर स्थित रौज़ा-ए-हज़रत क़ासिम में 16 नवंबर सोमवार को मजलिस-ए-अज़ाए फ़ातिमा ज़हरा का आयोजन किया जाएगा। मोमिनीन-ए-जलालपुर की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का सिलसिला शाम पांच बजे से रात आठ बजे तक चलेगा। मजलिस में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। आयोजन को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। मजलिस में मुख्य वक्ता के रूप में दिल्ली स्थित ईरानी कल्चर हाउस से आ रहे आयतुल्लाह डॉ. अब्दुल मजीद हकीम इलाही विशेष रूप से ख़िताब करेंगे। इसके अलावा मौलाना सैयद आज़ादार हुसैन ज़ैदी और मौलाना सैयद क़मर हसनैन भी अपने विचार रखेंगे।
कार्यक्रम का आगाज़ मौलाना ज़ैग़म अब्बास बाक़री की तिलावत-ए-क़ुरआन से होगा, जबकि संचालन जनाब अनसर जलालपुरी करेंगे। मेहमानों के स्वागत के लिए मछली गांव से मौलाना सैयद नूरुल हसन तथा जलालपुर के इमाम-ए-जुमा वल जमाअत मौलाना डॉ. रहबर रज़ा सुल्तानी मौजूद रहेंगे।
पूरे आयोजन की देखरेख वक़्फ़ मस्जिद एवं रौज़ा-ए-हज़रत क़ासिम के मुतवल्ली मास्टर अली हसन कर रहे हैं, जबकि कार्यक्रम का संयोजन लखनऊ हाईकोर्ट के अधिवक्ता हैदर अब्बास के जिम्मे है। आयोजकों ने मजलिस में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।