साकेत महाविद्यालय से पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने शोभायात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। करीब तीन किलोमीटर का सफर तय कर शोभायात्रा रामकथा पार्क पहुंची। इस बार शोभायात्रा में 21 भव्य झांकियां शामिल की गईं। इनमें 14 झांकियां योगी सरकार की उपलब्धियों और सात झांकियां रामायण के सातों कांडों पर आधारित रहीं।
शोभायात्रा में प्रदेश की विकास यात्रा और जनकल्याणकारी योजनाओं को भी झांकियों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। जल जीवन मिशन, एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी), कृषि एवं पशुपालन, आयुष्मान कैशलेस योजना, स्वच्छ एवं हरित उत्तर प्रदेश, विकसित भारत, उत्तर प्रदेश पुलिस, मिशन शक्ति, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, आत्मनिर्भर नारी, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर पर आधारित झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों ने अपने पारंपरिक लोकनृत्यों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से शोभायात्रा में विविध रंग भरे।