◆ सपा जिलाध्यक्ष बोले- सत्ता स्थायी नहीं, इंसाफ और संविधान के मूल्य हमेशा रहेंगे
अयोध्या। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष जय सिंह यादव ने वरिष्ठ समाजवादी नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान के खिलाफ लगातार हो रही कानूनी कार्रवाई पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि मुकदमों और कानूनी कार्रवाई के जरिए जिस तरह आजम खान को लगातार कानूनी उलझनों में रखा जा रहा है, वह चिंताजनक है। एक वरिष्ठ राजनीतिक नेता के साथ ऐसी परिस्थितियां लोकतांत्रिक व्यवस्था के मूल्यों पर सवाल खड़े करती हैं।
जय सिंह यादव ने कहा कि लोकतंत्र में सत्ता स्थायी नहीं होती, लेकिन इंसाफ, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों का महत्व हमेशा बना रहता है। सत्ता का उपयोग राजनीतिक विरोधियों को परेशान करने के बजाय जनता की सेवा और न्याय सुनिश्चित करने के लिए होना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक नागरिक को निष्पक्ष न्याय और संवैधानिक अधिकारों की गारंटी मिलनी चाहिए।
सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि इतिहास गवाह है कि सत्ता का अहंकार कभी स्थायी नहीं रहता। हुक्मरानों को समझना चाहिए कि कुर्सियां बदलती रहती हैं, लेकिन उनके फैसले इतिहास में दर्ज होते हैं और समय उनका हिसाब करता है।
उन्होंने कहा कि इंसाफ की आवाज को कुछ समय के लिए दबाया जा सकता है, लेकिन उसे समाप्त नहीं किया जा सकता। लोकतंत्र की मजबूती निष्पक्ष न्याय व्यवस्था और संवैधानिक मूल्यों के सम्मान में निहित है।