Tuesday, October 27, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याभाजपा राजनीतिक मर्यादा की बात करने से पहले अपने नेताओं के बयानों...

भाजपा राजनीतिक मर्यादा की बात करने से पहले अपने नेताओं के बयानों पर करे आत्ममंथन: कांग्रेस


◆ खड़गे के बयान पर भाजपा के विरोध को कांग्रेस नेताओं ने बताया मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश


अयोध्या। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान को लेकर भाजपा नेताओं की ओर से किए जा रहे विरोध पर अयोध्या के कांग्रेस नेताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष चेतनारायण सिंह, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम और पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि राजनीतिक मर्यादा की दुहाई देने वाली भाजपा को दूसरों पर सवाल उठाने से पहले अपने अतीत और अपने नेताओं के बयानों पर आत्ममंथन करना चाहिए।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने कहा कि देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी के खिलाफ भाजपा नेताओं द्वारा समय-समय पर की गई टिप्पणियां किसी से छिपी नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी के लिए ‘कांग्रेस की विधवा’ और ‘जर्सी गाय’ जैसे अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किए जाने के समय भाजपा नेताओं को राजनीतिक मर्यादा की याद क्यों नहीं आई। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान को लेकर भाजपा अनावश्यक विवाद खड़ा कर रही है।

चेतनारायण सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने नेताओं के सम्मान और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध है। राजनीतिक विरोध लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन चुनिंदा मुद्दों पर विवाद खड़ा कर जनता का ध्यान वास्तविक समस्याओं से हटाना उचित नहीं है। उन्होंने भाजपा से अपने नेताओं की भाषा और राजनीतिक आचरण का भी निष्पक्ष मूल्यांकन करने की मांग की।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने कहा कि राहुल गांधी को मिल रहे जनसमर्थन, वोट चोरी के मुद्दे पर उनके द्वारा उठाए जा रहे सवालों और आगामी एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित कांग्रेस की महारैली को मिल रहे समर्थन से भाजपा बेचैन है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी कारण महंगाई, बेरोजगारी, लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता और मताधिकार जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने की कोशिश की जा रही है।

पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि देश की जनता राजनीतिक बयानबाजी और वास्तविक जनसमस्याओं के बीच अंतर समझती है। लोकतंत्र में जनता के सवालों का जवाब देना सरकार की जिम्मेदारी है। सभी राजनीतिक दलों को मर्यादित भाषा का इस्तेमाल करना चाहिए और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा को दूसरों पर उंगली उठाने से पहले अपने नेताओं के पुराने बयानों पर भी विचार करना चाहिए।

वहीं, जिला कांग्रेस प्रवक्ता शीतला पाठक ने कहा कि त्योहारों के मौसम में भी आम जनता महंगाई से परेशान है, लेकिन सरकार को इसकी चिंता नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार वास्तविक जनसमस्याओं पर जवाब देने के बजाय ऐसे मुद्दों को तूल दे रही है, जिनसे जनता का ध्यान भटकाया जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments