आलापुर, अंबेडकर नगर। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-को सकुशल संपन्न कराने के लिए गुरुवार को कलेक्ट्रेट से पोलिंग पार्टियां निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना की गईं। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ईशा प्रिया तथा अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व व उप जिला निर्वाचन अधिकारी ज्योत्स्ना बंधु की मौजूदगी में मतदान कार्मिकों को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराकर रवाना किया गया।
रवानगी से पहले कलेक्ट्रेट सभागार में मतदान कार्मिकों को ब्रीफिंग दी गई। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और निर्धारित नियमों के अनुरूप संपन्न कराई जाए। सभी कार्मिक समयबद्धता का पालन करते हुए पूरी सतर्कता, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।