Tuesday, October 13, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्यादुर्गापूजा और रामलीला को भव्य व अनुशासित बनाने में जुटें समितियां: वेद...

दुर्गापूजा और रामलीला को भव्य व अनुशासित बनाने में जुटें समितियां: वेद प्रकाश गुप्ता


◆ महापौर बोले– स्वच्छ और सुंदर वातावरण में मनाएं पर्व, केंद्रीय समिति ने 20 अक्टूबर को विसर्जन शोभायात्रा निकालने की दी जानकारी


अयोध्या। दुर्गापूजा और रामलीला उत्सव को भव्य, व्यवस्थित और अनुशासित बनाने के लिए केंद्रीय दुर्गापूजा एवं रामलीला समन्वय समिति की ओर से टकसाल स्थित लल्ली देवी गेस्ट हाउस में विशिष्ट जनों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि सभी समितियां पूरी तन्मयता और श्रद्धा के साथ मां दुर्गा और प्रभु श्रीराम के कार्यों में जुट जाएं। उत्सव के आयोजन में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर को अबीर-गुलाल के बजाय फूलों से सजाकर उत्सव का सुंदर वातावरण तैयार किया जाए। रामलीलाओं के मंचन और प्रस्तुतियों को भी और बेहतर बनाने का प्रयास किया जाए। उन्होंने आयोजन से जुड़े कार्यों को शीघ्र पूरा कराने का भरोसा दिया।

महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने कहा कि अयोध्या हम सभी का नगर है। इसे स्वच्छ और सुंदर बनाए रखते हुए मां दुर्गा और प्रभु श्रीराम के पावन पर्व को भव्यता के साथ मनाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि दुर्गापूजा और रामलीला की भव्यता बढ़ाने के लिए नगर निगम सदैव तत्पर है।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए केंद्रीय समिति के जिलाध्यक्ष मनोज जायसवाल ने कहा कि प्रभु श्रीराम की धरती पर रामलीला हमारी सांस्कृतिक विरासत है। इसे और आकर्षक ढंग से आमजन के सामने प्रस्तुत करने के लिए रामलीला समितियों को गंभीरता से प्रयास करना होगा। उन्होंने सभी समितियों से अपने पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था और मंचों की निगरानी के लिए शक्तिवाहिनी की टीमें तैनात करने की अपील की। साथ ही श्रद्धालुओं को सुविधापूर्वक मां के दर्शन कराने और अफवाहों पर ध्यान न देने की सलाह दी।

मनोज जायसवाल ने स्पष्ट किया कि मां दुर्गा की विशाल विसर्जन शोभायात्रा 20 अक्टूबर को राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) से प्रारंभ होगी। प्रतिमाओं का विसर्जन निर्मली कुंड में किया जाएगा। उन्होंने जीआईसी के मुख्य द्वार के चौड़ीकरण और उच्चीकरण के लिए विधायक वेद प्रकाश गुप्ता का आभार भी जताया।

भाजपा जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी ने कहा कि दुर्गापूजा और रामलीला आमजन का उत्सव है। इसे सुंदर, व्यवस्थित और बेहतर बनाने के लिए सभी को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। पूर्व भाजपा महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा ने उत्सव को अनुशासित बनाने के लिए शराबियों के उपद्रव पर रोक लगाने, रामलीला शोभायात्राओं को गोधूलि बेला में निकालने और तेज आवाज में बजने वाले डीजे पर नियंत्रण रखने की जरूरत बताई।

बैठक का संचालन केंद्रीय समिति के जिला संयोजक ने किया। उन्होंने कहा कि सभी समितियां उत्सव को भव्यता, उल्लास और शालीनता के साथ मनाने में सहयोग करें।

केंद्रीय समिति के जिला प्रवक्ता केशव बिगुलर के अनुसार बैठक में भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश पांडेय बादल, सहकारी बैंक के सभापति धर्मेंद्र प्रताप सिंह टिल्लू, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह, उग्रसेन मिश्र, व्यापारी नेता अवि आनंद, अरुण अग्रवाल, प्रतिपाल सिंह छाबड़ा, उत्तम बंसल, कवीन्द्र साहनी, ओम प्रकाश जायसवाल, राजेश मित्तल, योगेंद्र अग्रवाल, कांग्रेस नेता सुनील कृष्ण गौतम, स्काउट एंड गाइड के अनूप मल्होत्रा, भाजपा पार्षद अनूप श्रीवास्तव, चौक रामलीला समिति के प्रमुख कन्हैया अग्रवाल, रामनाथ जायसवाल, आलोक द्विवेदी, पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री अमृत राजपाल और जितेंद्र आनंद सहित अन्य लोगों ने भी विचार रखे।

वक्ताओं ने उत्सव के दौरान शराब के नशे में उपद्रव, डीजे के तेज शोर, रामलीलाओं की लोकप्रियता बढ़ाने और दुर्गापूजा को व्यवस्थित एवं अनुशासित ढंग से संपन्न कराने जैसे विषयों पर चर्चा की। बैठक के अंत में समाजसेवी भागीरथ पचेरीवाला ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

बैठक में भाजपा पार्षद अनिल सिंह, रामलीला समिति के आशीष महिंद्रा, राजेंद्र सिंह वैभव, आशीष यादव, पूर्व सभासद शिवकुमार गुप्ता, गिरीश पांडेय डिपुल, मनमोहन जायसवाल, व्यापारी नेता रितेश चौरसिया अंगद सहित केंद्रीय समिति के पदाधिकारी, विभिन्न समितियों के सदस्य, समाजसेवी और शक्तिवाहिनी के पुरुष एवं महिला सदस्य उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments