◆ लोहिया भवन में सपा ने पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि, सामाजिक समानता और अन्याय के खिलाफ संघर्ष का लिया संकल्प
अयोध्या। समाजवादी पार्टी जिला एवं महानगर इकाई की ओर से सोमवार को गुलाबबाड़ी स्थित जिला कार्यालय लोहिया भवन में महान स्वतंत्रता सेनानी, समाजवादी चिंतक एवं विचारक डॉ. राम मनोहर लोहिया की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। जिलाध्यक्ष जय सिंह यादव की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने डॉ. लोहिया के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके बाद चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय ‘पवन पांडेय’ ने कहा कि डॉ. राम मनोहर लोहिया के विचार आज भी सामाजिक न्याय और समानता की लड़ाई के लिए प्रासंगिक हैं। उन्होंने समाजवाद को केवल राजनीतिक विचारधारा तक सीमित नहीं रखा, बल्कि आम आदमी के सम्मान, अधिकार और समान अवसरों से जोड़ा। उनके विचारों ने देश की राजनीति को नई दिशा दी। उनके सिद्धांतों को अपनाकर समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक न्याय और विकास का लाभ पहुंचाने की जरूरत है।
जिलाध्यक्ष जय सिंह यादव ने कहा कि डॉ. लोहिया ने अपना पूरा जीवन सामाजिक समानता, शोषित-वंचित वर्गों के अधिकारों और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष के लिए समर्पित किया। उनके विचारों को अपनाकर ही सामाजिक असमानता और अन्याय को दूर किया जा सकता है। समाजवादी पार्टी उनके सिद्धांतों को आगे बढ़ाते हुए सामाजिक न्याय की लड़ाई जारी रखेगी।
महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव ने कहा कि डॉ. लोहिया का जीवन संघर्ष, विचार और जनसेवा की प्रेरणा देता है। सामाजिक भेदभाव और आर्थिक विषमता के विरुद्ध उनके संघर्ष को जन-जन तक पहुंचाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
कार्यक्रम में महानगर महासचिव हामिद जाफर मीसम, प्रदेश सचिव मोहम्मद हलीम पप्पू, बृजेश सिंह चौहान, सुरेंद्र यादव, आकिब खान, असलम सईद, दान बहादुर सिंह, वीरेंद्र गौतम, अंसार अहमद बब्बन, वसी हैदर, सरोज यादव, अपर्णा जायसवाल, सूर्यकांत पांडेय, अली सईद खान, पूजा वर्मा, जगन्नाथ यादव, चंदन सिंह यादव सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।