Monday, October 12, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याशिक्षक निर्वाचन के लिए अयोध्या में 15 मतदेय स्थल निर्धारित

शिक्षक निर्वाचन के लिए अयोध्या में 15 मतदेय स्थल निर्धारित


◆ नगर निगम के चार केंद्रों पर वार्डवार होगा मतदान, सोहावल से मवई तक बनाए गए केंद्र


अयोध्या। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए अयोध्या जिले में 15 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। जिलाधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर शशांक त्रिपाठी ने मतदेय स्थलों की जानकारी देते हुए बताया कि निर्धारित केंद्रों पर संबंधित क्षेत्र के शिक्षक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में सोहावल, मसौधा, मिल्कीपुर, अमानीगंज, हरिंग्टनगंज, बीकापुर, तारुन, पूराबाजार, मयाबाजार, रुदौली और मवई में क्षेत्र पंचायत कार्यालयों को मतदान केंद्र बनाया गया है। इन केंद्रों पर संबंधित विकासखंड के क्षेत्र के शिक्षक मतदाता मतदान करेंगे। सोहावल के मतदेय स्थल पर नगर पंचायत खिरौनी (सुचित्तागंज), मसौधा में नगर पंचायत भदरसा, अमानीगंज में नगर पंचायत कुमारगंज, बीकापुर में नगर पंचायत बीकापुर तथा मयाबाजार में नगर पंचायत गोसाईगंज के मतदाता भी शामिल होंगे। रुदौली केंद्र पर क्षेत्र पंचायत के साथ नगर पालिका रुदौली तथा मवई केंद्र पर नगर पंचायत मां कामाख्या के क्षेत्र के शिक्षक मतदाता मतदान करेंगे।


नगर निगम क्षेत्र में चार केंद्र


अयोध्या नगर निगम क्षेत्र के मतदाताओं के लिए चार मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। इनमें मतदेय स्थल संख्या 147 नगर निगम कार्यालय भवन फैजाबाद, 148 मनोहर लाल मोतीलाल इंटर कॉलेज रिकाबगंज, 149 बापू बालिका इंटर कॉलेज फैजाबाद तथा 150 नगर निगम कार्यालय भवन अयोध्या शामिल हैं।

इन केंद्रों पर नगर निगम के विभिन्न वार्डों के शिक्षक मतदाता निर्धारित क्षेत्र के अनुसार मतदान करेंगे। मतदेय स्थल संख्या 147 पर पुरुषोत्तम नगर, झलकारी बाई, अवैद्यनाथ, श्यामा प्रसाद मुखर्जी और चौधरी चरण सिंह सहित 15 वार्डों के मतदाता शामिल हैं। मतदेय स्थल संख्या 148 पर सरदार भगत सिंह, चित्रगुप्त नगर, निषाद राज नगर, अंबेडकर नगर और मंगल पांडेय सहित 17 वार्डों के मतदाता मतदान करेंगे।

मतदेय स्थल संख्या 149 पर आचार्य नरेंद्र देव, पंडित दीनदयाल नगर, सरदार पटेल नगर, अटल नगर और बड़ी देवकाली सहित 15 वार्डों के मतदाता शामिल हैं। वहीं, मतदेय स्थल संख्या 150 पर अभिराम दास, दर्शननगर, परमहंस रामचंद्र दास, वशिष्ठ कुंड, सीता कुंड और देवकाली सहित 12 वार्डों के शिक्षक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिलाधिकारी ने बताया कि मतदेय स्थलों का निर्धारण संबंधित क्षेत्रों के आधार पर किया गया है। शिक्षक मतदाता निर्धारित केंद्र पर ही मतदान कर सकेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments