Wednesday, October 7, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याउधरौरा मार्ग की बदहाली पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, लगाए ‘रोड नहीं...

उधरौरा मार्ग की बदहाली पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, लगाए ‘रोड नहीं तो वोट नहीं’ के नारे


◆ तीन पंचवर्षीय से सड़क निर्माण के आश्वासन का आरोप, स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर जताई चिंता


अयोध्या। रुदौली क्षेत्र के उधरौरा मार्ग की बदहाली को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर उतर आया। जर्जर सड़क के विरोध में दर्जनों ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर जिम्मेदारों के खिलाफ नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने ‘रोड नहीं तो वोट नहीं’ के नारे लगाए और चेतावनी दी कि सड़क का निर्माण नहीं हुआ तो आगामी पंचायत चुनाव के साथ 2027 के विधानसभा चुनाव में भी मतदान का बहिष्कार किया जाएगा।

ग्रामीणों का कहना है कि उधरौरा मार्ग आसपास के दर्जनों गांवों को जोड़ने वाली प्रमुख सड़क है। लंबे समय से मरम्मत और निर्माण के अभाव में सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। मार्ग पूरी तरह उबड़-खाबड़ होने के कारण राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का दावा है कि इस मार्ग पर गिरकर कई लोग चोटिल भी हो चुके हैं।


स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता


ग्रामीणों ने बताया कि इसी मार्ग से प्रतिदिन स्कूली बसें और वैन बच्चों को लेकर गुजरती हैं। सड़क की खराब स्थिति के कारण अभिभावकों को बच्चों की सुरक्षा की चिंता बनी रहती है। उनका कहना है कि गड्ढों के कारण वाहनों के अनियंत्रित होने का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण कर जल्द निर्माण कराने की मांग की।


महिलाओं ने दिखाई चोट, सुनवाई न होने का आरोप


प्रदर्शन के दौरान कुछ महिलाओं ने सड़क पर गिरने से लगी चोटों को दिखाते हुए अपनी परेशानी बताई। उनका आरोप था कि लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन हर बार आश्वासन ही मिलता है। ग्रामीणों ने दावा किया कि तीन पंचवर्षीय से सड़क निर्माण का आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन अब तक धरातल पर काम शुरू नहीं हुआ।

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने कहा कि सड़क निर्माण नहीं होने पर वे अपने लोकतांत्रिक अधिकार का इस्तेमाल करते हुए चुनाव में मतदान का बहिष्कार करने के लिए मजबूर होंगे। अब ग्रामीणों की इस चेतावनी के बाद संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों की ओर से क्या कदम उठाया जाता है, इस पर लोगों की नजर है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments